कोपागंज। पहले पंचायती चुनाव में कोविड-19 के गाइड लाइन का अनुपालन दूर दूर तक नहीं हुआ। वहीं इससे भी बदतर स्थिति अब मतगणना के लिए किए जा रहे कोविड टेस्ट के दौरान देेखने को मिल रही है। शनिवार को कोपागंज सीएचसी पर मतगणना में शामिल होने के लिए नियमानुसार एजेंट, प्रतिनिधि शामिल होने के लिए जांच कराने पहुंचे। लेकिन चौकाने वाली बात यह रही है कि अधिक लोगों की भीड़ तथा किसी तरह से मतगणना में शामिल होने के लिए निगेटिव रिपोर्ट बनाने के लिए होड़ मचा रहा है। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मी भी इस लापरवाही में न केवल शामिल हो गए, बल्कि बिना जांच के ही निगेटिव रिपोर्ट बनाकर देने लगे। ऐसी ही एक रिपोर्ट जिसमें कोपागंज सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार का हस्ताक्षर था। उस रिपोर्ट में किसी का नाम तक उल्लेख नहीं था। ऐसे कई डमी रिपोर्ट पूर्व से ही तैयार कर लिया गया था। जिसमें बिना जांच के ही संबंधित का नाम का विवरण देकर उन्हें निगेटिव बनाया जा रहा था। जब केंद्र प्रभारी डॉ. अनिल कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि कर्मचारी कम है, एंजेट लोग निगेटिव रिर्पोट बनाने के लिए दवाब बना रहे है। इसमें शायद किसी कर्मचारी ने रिपोर्ट निगेटिव दे दी होगी। वहीं इस बाबत सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। मतगणना स्थल पर भी मेडिकल टीम तैैनात रहेगी। जिसके द्वारा भी जांच की जाएगी।