मऊ। जनवरी के शुरुआत से लेकर मौसम में लगातार गिरावट जारी है। कड़ाके की ठंड से जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के कक्षा आठ तक के सभी स्कूल 20 जनवरी तक बंद करने का निर्देश दिया गया है। रात में कोहरे के कारण ट्रेन और रोडवेज बसें भी देर से पहुंची। पारे के गिरावट के बीच अलाव ही एक मात्र सहारा बना रहा। सुबह के दस बजे कोहरे के कारण राजमार्गों पर चलने वाले छोेटे और बड़े वाहन लाइट जलाकर चलते रहे। अवकाश का दिन होने के कारण लोग बेहद जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले।
बुधवार को जनपद का अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम आठ डिग्री रहा। मंगलवार की देर रात से एक बार फिर तेज चलने वाली पछुआ हवाओं ने गलन को बढ़ा दिया। पिछले एक सप्ताह से पारे में गिरावट जारी रही।
दो घंटे लेट से पहुंची काशी एक्सप्रेस
ठंड में ट्रेनों की लेटलतीफी जारी है। मऊ जंक्शन पर बुधवार को पांच से अधिक ट्रेनें देरी से पहुंची। अमृत स्टेशन योजना के तहत विकास कार्य चल रहा है। इसके चलते शेड हटा दिया गया है और तोड़फोड़ के कारण यात्री ठंड में दुबककर एक जगह बैठे रहे। बुधवार को मुंबई से आने वाली काशी एक्सप्रेस दो घंटे और जाने वाली ट्रेन भी दो घंटे देरी से पहुंची। गोदान एक्सप्रेस एक घंटा, चौरी चौरा 40 मिनट, गोरखपुर स्पेशल फेयर एक्सप्रेस दो घंटे लेट रही।