मऊ। मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा ने बताया कि अच्छी तरह पकाए गए कुक्कुट या अंडे आदि से बर्ड फ्लू नहीं फैलता है, इसलिए कुक्कुट या कुक्कुट उत्पाद को अच्छी तरह पका कर ही खाएं। कुक्कुट पक्षियों के पालने के स्थान, फार्म के आस-पास जैव सुरक्षा, साफ-सफाई डिस इंफेक्शन करें। पक्षियों को हैंडिल करने के पश्चात एंटीसैफ्टिक लोशन से हाथ को अच्छी तरह से धोएं। बर्ड फ्लू से संक्रमित पक्षी के संपर्क के आने पर चिकित्सक की सलाह पर दवा खाएं। उन्होंने बताया कि मृत पक्षी को छुएंनहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें, जिन क्षेत्रों में बर्ड फ्लू की सूचना प्राप्त हो उसके आस-पास भ्रमण न करें। संक्रमित पक्षियों के सीधे संपर्क में आने से बचें तथा उनको हाथों से दाना आदि न खिलाएं, कुक्कुट या अन्य पक्षियों को खुले वाहनों में परिवहन न करें। मृत पक्षी की सूचना तत्काल जिलास्तरीय कोविड कंट्रोल रूम या पशुपालन निदेशालय स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम के दूरभाष संख्या-0547-2741991, 92 एवं टोलफ्री नंबर-18001804151 तथा जनपद मऊ के इंटीग्रेटेड कंट्रोल एवं कमांड सेंटर के दूरभाष नंबर 0547-2221565 पर की जा सकती है।