जिला अस्पताल में दवा काउंटर पर उमड़ी मरीजों की भीड़।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। बदले मौसम के चलते बीमारी से जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या में इजाफा हो गया है। चिकित्सकों का मानना है कि मौसम में हो रहे बदलाव और लापरवाही के चलते बुखार, उल्टी, दस्त, सर्दी और जुकाम के मरीजों की संख्या फिर बढ़ गई है। ऐसे में डॉक्टर बच्चों और बुजुर्गों को बिना कार्य के बाहर नहीं निकलने की सलाह दे रहे हैं। मंगलवार को सुबह नौ बजे से ही जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों में ज्यादातर लोग सर्दी-जुकाम और बुखार से पीड़ित थे। सुबह से ही डॉक्टरों के चैंबर के बाहर लाइन लगी थी। सबसे ज्यादा भीड़ फिजीशियन के चेंबर के सामने देखने को मिली। चार दिन पहले 500 मरीजों की संख्या 700 तक पहुंच गई है। वहीं निजी अस्पतालों के ओपीडी में मरीजों की भीड़ बढ़ रही है। बच्चों में भी डायरिया की शिकायत बढ़ गई है। सीनियर फिजिशियन डॉ. संजय सिंह ने बताया कि गर्मी में जब जल स्तर घटता है तो पानी में संक्रमणता बढ़ जाती है। ऐसे में पानी का स्वच्छ रहना बहुत जरूरी है। तेज धूप में घर से न निकलें। यदि निकलना जरूरी ही है तो शरीर को अच्छी तरह ढक लें। तीखी धूप से बच्चों को बचाएं। बुखार, उल्टी-दस्त होने पर सावधानी बरतें। धूप से यदि बुखार आ जाए तो शरीर को ठंडे पानी से शरीर को खूब पोछें। दस्त आने पर ओआरएस का घोल लें। पानी को उबाल कर ठंडा करने के बाद प्रयोग मे लाएं।