मऊ। जिले में क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त कराने के लिए विभाग लापरवाही बरत रहा है। अब इन सड़कों पर चलना दुश्वारियों भरा हो गया है। रखरखाव कागजों पर हो रहा है जबकि जिम्मेदार इसके प्रति पूरी तरह लापरवाह बने हुए हैं। बरलाई से धवरियासाथ को जानी वाली सात किमी सड़क की स्थिति बद से बदतर है। बारिश के बाद परेशानी और बढ़ गई है। इस मुख्य मार्ग पर तीन अस्पताल हैं, जबकि इसी मार्ग से कई स्कूलों के बच्चों की आवाजाही है। बावजूद सड़क की बदहाली को दूर करने को लेकर ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। यह सड़क रैनी, बैजापुर, कासिमपुर, पुराघाट, बसारतपुर, धवरियासाथ सहित 15 से ज्यादा गांवों को जोड़ती है। निर्माण के बाद एक बार भी इस सड़क का रखरखाव न होने के चलते यह बदहाल हो गई। ग्रामीणों ने कई बार धरना प्रदर्शन किया, लेकिन हो कुछ नहीं सका। अमिला : मऊ तथा आजमगढ़ जिले को जोड़ने वाला 12 किमी लंबी अमिला-अजमतगढ़ मार्ग लंबे समय से बदहाल है। सड़क पर हर एक फीट पर गहरे गड्ढे बन चुके हैं, इस पर बारिश के बाद जलभराव हो चुका है। सड़क को बनाने के लिए 20 करोड़ रुपये का बजट पास हुआ है। इसे थानीदास मोड़ अमिला से बोझी हुए हनुमान गंज तक बनाना है। बदहाल सड़क को लेकर झारखंडे राय युथ ब्रिगेड के अध्यक्ष विवेक राय के नेतृत्व में कई दिनों तक चले धरना प्रदर्शन पर पीडब्लूडी के अधिकारियों ने पहुंचकर 15 मई तक सड़क बनाने का आश्वासन दिया था। प्रदर्शन के क्रम में ही युवाओं ने बदहाल सड़क के गड्ढ़ों में धान के बीज रोपकर विरोध जताया था। रानीपुर : पीएमजीएसवाई के तहत 2016 में खुरहट से रानीपुर ब्लाक मुख्यालय तक दस किमी 550 मीटर तक लाखों की लागत से सड़क बनाई गई थी। सड़क बनने के एक साल बाद ही यह जगह जगह से उखड़ गई। वर्तमान में सड़क पर बड़े -बड़े गड्ढे बन गए है। ऐसे ही फतेहपुर से काझा तक जाने वाली सड़क, दौलसेपुर से तेंदुली की दो किमी रानीपुर-पिरूवा तथा सरसेना से काझा बढुगोदाम की 18 किमी और काझा-सलाहाबाद मार्ग बदहाल है। मझवारा : लखनी-मझवारा मार्ग करीब एक दशक से गड्ढों में है। 10 साल पूर्व इस मार्ग पर रिपेयरिंग तथा पैचिंग का कार्य कराया गया था, लेकिन गुणवत्ता खराब होने से कुछ महीने में गिट्टी उखड गई और मार्ग पर गड्ढे बन गये। वर्तमान समय में इस मार्ग की हालत बहुत ही खस्ता है। किसी भी जिम्मेदार ने इसे ठीक कराने की जहमत नहीं उठाई।
कोपागंज से कसारा जाने वाला बदहाल मार्गज।संवाद- फोटो : MAU
गड्ढे में तब्दील और बदहाल अमिला अजमतगढ़ मार्ग।संवाद- फोटो : MAU