वलीदपुर। गांवों को कोविड के प्रकोप से बचाने के लिए कवि कुमार विश्वास के विश्वास ट्रस्ट के तत्वावधान में चलाए जा रहे गांव बचाओ अभियान के तहत रविवार को जिले के पांच गांवों में कोविड केयर केंद्र खोले गए हैं। जहां जरूरतमंदों को कोविड केयर किट वितरित किया गया। उद्घाटन के अवसर पर टीम के कोआर्डिनेटर देवकली देवलास गांव के निवासी कवि देवकांत पांडेय ने बताया कि पहले चरण में अभी मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के देवकली देवलास, बरबोझी व ढोलना तथा घोसी तहसील के विश्वनाथपुर, लखीपुर गांव में कोविड केयर केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। इन केंद्रों के लिए कुमार विश्वास द्वारा कोविड केयर किट भेजी गई है। जिसे जरूरतमंद लोगों को वितरित किया गया। इस किट में आवश्यक दवाइयां, मास्क, सैनिटाइजर, ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर आदि हैं। देवकली देवलास व बरबोझी केंद्र का उद्घाटन सूर्य मंदिर प्रबंध समिति के संरक्षक विजय शंकर पांडेय ने किया। लखीमपुर केंद्र का उद्धाटन प्रधान मंाधाता सिंह, विश्वनाथपुर केंद्र का उद्धाटन पूर्व प्रधान दीपचंद्र यादव ने किया।