कोपागंज थाना क्षेत्र के लारपुर गांव में शिक्षकों के लेट आने पर विद्यालय में ताला बंदी करते ग्राम?
- फोटो : MAU
कोपागंज। घोसी ब्लॉक के लारपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में मंगलवार को सुबह देर से आए शिक्षकों को लेकर ग्रामीण नाराज हो उठे और उन्होंने विद्यालय के गेट पर ताला लगा दिया। साथ ही इसकी जानकारी बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को देने के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को भी अवगत कराया। हालांकि विलंब से पहुंचे शिक्षकों के काफी मान मनौव्वल के बाद ताला खोल दिया गया। ग्रामीणों ने शिक्षकों को चेताया कि अगर उन्होंने लेटलतीफी नहीं छोड़ी तो विद्यालय पर अनिश्चितकालीन तालाबंदी की जाएगी। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के समय से विद्यालय आने का फरमान बेअसर साबित हो रहा है। जबकि उनकी इस हरकत से ग्रामीण भी नाराज है। मंगलवार को यह नाराजगी हकीकत में बदल गई। लारपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में श्र्क्षक लेट पहुंचे तो ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मंतोष राजभर के नेतृत्व में ग्राम समिति के सदस्यों ने विद्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। विद्यालय में 180 बच्चों का नामांकन है। विद्यालय में नौ शिक्षक तैनात हैं। ग्राम समिति के सदस्यों की मानें तो जनवरी से ही शिक्षकों के देर से आने का सिलसिला चल रहा है। अभिभावकों ने विभागीय अधिकारियों को शिकायती पत्र भी दिया लेकिन आश्वासन ही मिला। ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार को भी शिक्षक 8.05 बजे से 8.50 बजे तक विद्यालय पहुंचते रहे। बच्चों की शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मंतोष राजभर, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि बृजेश सिंह सहित ग्रामीणों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। देर से पहुंचे प्रधानाध्यापक को भी स्कूल में घुसने नहीं दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अध्यापकों ने स्कूल को रसोइया और सफाईकर्मी के हवाले छोड़ दिया है। करीब आधे घंटे बाद प्रधानाध्यापक और शिक्षकों के काफी मान मनौव्वल के बाद ताला खोला गया। हालांकि ग्रामीणों ने कहा कि यदि शिक्षकों ने लेटलतीफी का अपना रवैया नहीं सुधारा तो सप्ताहभर बाद अनिश्चितकालीन तालाबंदी की जाएगी। बीईओ घोसी अजब सिंह ने बताया कि कंपोजिट विद्यालय लारपुर में तैनात समस्त स्टाफ को नोटिस जारी की गई है। आख्या संतोषजनक नहीं मिली तो उनका वेतन रोका जाएगा।