कुसुम्हा। दोहरीघाट ब्लॉक क्षेत्र के शाहपुर गांव में सांड़ के उत्पात से ग्रामीण सहमे हुए हैं। भीषण गर्मी में जो ग्रामीण दिन में घर के बाहर नीम की छांव में आराम फरमाते और रात में ठंडी हवा के बीच गहरी नींद लेते थे। अब वो घर की चहारदीवारी में दुबकने को मजबूर हैं। गुस्सैल सांड़ के हमले से बीते छह दिनों में शाहपुर गांव के चार ग्रामीण जख्मी हो चुके हैं। इसी तरह बड़रांव ब्लॉक क्षेत्र के पकड़ी बुजुर्ग गांव में मंगलवार सुबह सांड़ के हमले से गांव निवासी हरेंद्र निषाद बुरी तरह जख्मी हो गया था। शाहपुर गांव के रविंद्र, जितेंद्र, रामरेख और शिवबहादुर भी सांड़ के हमले में घायल हो चुके हैं। इनमें से कुछ रात में घर के बाहर मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे, तो कुछ खेत में सब्जी की रखवाली कर रहे थे। सांड़ अचानक सो रहे व्यक्ति के पास पहुंचता है और चारपाई सहित पटक देता है। यदि किसी ने उसे भगाने की कोशिश की तो उसे भी दौड़ा लेता है। अब ग्रामीण राह चलते भी चारों तरफ देखते चलते हैं, क्योंकि गुस्सैल सांड़ किसी भी दिशा से आकर हमला कर देता है।