रानीपुर। प्रधानों ने मनरेगा का समय से भुगतान नहीं किए जाने पर ब्लाक परिसर में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। यहां से जिला मुख्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
प्रधान संघ ने ज्ञापन देकर मनरेगा में एनएमएमएस प्रणाली से हाजिरी पर रोक लगाने, मनरेगा से कराए गए सभी विकास कार्यों का शीघ्र भुगतान करने और पांच जनवरी से प्रत्येक ग्राम पंचायतों का मस्टररोल शून्य करने की मांग की है। चेताया कि मांग पूरी नहीं होने पर संगठन आरपार की लड़ाई लड़ने को बाध्य होगा।
इससे पहले ब्लाक सभागार में बुधवार को ग्राम प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों ने बैठक की। बैठक में सभी ग्राम प्रधानों ने मनरेगा के विकास कार्यों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया। इस दौरान प्रधान संघ के प्रदेश प्रभारी रविंद्र राय, अमित कन्नौजिया, दिनेश मिश्रा सहित ब्लाक के समस्त ग्राम प्रधान मौजूद रहे।