घोसी विधानसभा सीट पर वर्ष 2019 में हुए उपचुनाव में भाजपा से विधायक बने विजय राजभर एक बार फिर घोसी से चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने सोमवार को घोसी से भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। विजय राजभर वीर बहादुर पूर्वांचल विश्वविद्यालय से स्नातक हैं। इनकी आय का साधन विधायक वेतन है और पत्नी फातिमा अस्पताल में कार्यरत हैं। विधायक एक स्कूटी और एक बाइक के मालिक हैं। विधायक 3,87,000 की संपत्ति के मालिक हैं। जबकि उनकी पत्नी कुल 3,04,000 की मालकिन हैं। विजय राजभर के ऊपर कोई मुकदमा नहीं है। नगदी के रूप में उनके पास 15 हजार तथा पत्नी के पास 10 हजार रुपये हैं। लखनऊ के बापू भवन में स्थित इलाहाबाद बैंक में डेढ़ लाख रुपये, सहादतपुरा स्थित एसबीआई में कुल 33 हजार रुपये, विजया बैंक सहादतपुरा में 10 हजार रुपये जमा है। उनकी पत्नी के पास यूनियन बैंक आफ इंडिया नरईंबांध में कुल 30 हजार रुपये, पत्नी और उनके नाम पर एलआईसी में अलग अलग 1.44 लाख रुपये जमा हैं। विजय राजभर के पास कोई चार पहिया वाहन नहीं है और ना ही उनके नाम पर कोई जमीन और मकान हैं।