बड़रांव ब्लॉक के टेघना गांव स्थित इंगलिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक छात्र स्कूल की बिजली आपूर्ति सही नहीं होने पर स्कूल की चहारदीवारी के सहारे नंगे पैर छत पर चढ़ता है। हाथ में एक डंडा लेकर स्कूल की चहारदीवारी के पास खंभे पर लगे तार को तीन से चार फीट के डंडे से हिलाकर सही कर रहा है। वीडियो करीब एक मिनट दो सेकंड का है। इसमें दिख रहा है कि छत पर चढ़ने के बाद वह उसी डंडे से पोल पर लगे तार का हिलाता है, फिर छत के पास आकर नीचे से पूछता है कि बिजली आई है कि नहीं फिर वह छात्र दोबारा तार को हिलाता दिख रहा है। किसी से कहने पर कि बिजली आ गई है, इसके बाद वह छत से नीचे उतरता है। प्रधानाध्यापक जनक दुलारी ने बताया कि बिजली निगम को तार को सही करने के लिए कहा गया था, लेकिन लाइनमैन ने उसे सही नहीं किया। छात्र द्वारा तार को सही करने की जानकारी नहीं है, उस समय मैं कक्षा में थी। छात्र ने तार को सही नहीं किया था।