घोसी। राशन वितरण में घटतौली रोकने के लिए कुछ ही दिन पहले जिले के सभी कोटेदारों को इलेक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन दी गई थी। लेकिन उसके बाद भी घटतौली का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। राशन वितरण में घटतौली का मामला घोसी तहसील के अहमदपुर असना गांव में आया है। एक कार्डधारक ने घटतौली की बात स्वीकारते हुए महिला कोटेदार का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। ये वीडियो चार दिन पहले का बताया जा रहा है। लेकिन वीडियो के बारे में तहसील के अधिकारियों को जानकारी नहीं है। वीडियो में कोटेदार की ओर से कम राशन तौलने पर कार्डधारक नाराज हो गए और कहासुनी होने लगी। इसी बीच किसी ने वीडियो बना लिया। कोटेदार घटतौली का विरोध करने वालों को देख लेने की बात कह रही है। आश्चर्य की बात ये है कि कुछ दिन पहले ही घोसी के 235 कोटेदारों को इलेक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन और ई-पॉस मशीन दी गई। अधिकारियों का कहना था कि इस नई टेक्नॉलाजी की मशीन से घटतौली रोकने में मदद मिलेगी। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। अब कोटेदार पहले से ही राशन तौलकर रख ले रहे हैं। कार्डधारकों से अंगूठा लगवाने के बाद पर्ची देकर पहले से तौलकर रखा हुआ या दूसरी मशीन पर राशन तौलकर दे रहे हैं।