मऊ। जनपद मुख्यालय स्थित नवीन मण्डी स्थल बलिया मोड़ से होकर वृहस्पतिवार को सुबह छह बजे से देर रात तक कोई भी बड़े छोटे वाहन नहीं चलेंगे। उस दिन मतगणना के मद्देनजर रूट डायवर्जन जारी रहेगा। पुलिस अधीक्षक घुले सुशील ने बताया कि विधान सभा चुनाव की मतगणना के दौरान जाम न लगने देने के मद्देनजर रूट डायवर्जन किया गया है। एसपी ने बताया कि विधान सभा निर्वाचन-2022 की मतगणना के दृष्टिगत नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थलों से रूट डायवर्जन किया गया है। उन्होंने बताया कि बलिया से आने वाले वाहन अदरी मोड़ से ही कोपागंज से डाडी चट्टी होते हुए आगे की ओर जायेंगे। इसी प्रकार गोरखपुर से आकर बलिया की ओर जाने वाले वाहन कोपागंज से अदरी मोड़ होते हुए आगे जायेंगे। आजमगढ़ की ओर से आकर बलिया की ओर जाने वाले वाहन मतलूपुर सहरोज डांडी चट्टी होते हुए अदरी मोड होते हुए आगे की ओर जायेगे। गाजीपुर की ओर से आकर गोरखपुर की ओर जाने वाले वाहन भी गाजीपुर तिराहा से मिर्जाहादीपुरा, मतलूपुरा डांड़ी चट्टी से होते हुए अपने गंतब्य की ओर जायेगे। एसपी ने बताया कि मतगणना के परिणामों की घोषणा के बाद वाहनों के चले जाने के बाद सड़क पर आवागमन सामान्य होने के बाद रूट डायवर्जन समाप्त किया जाएगा।