नगर के गाजीपुर तिराहा से भुजौटी तक जाने वाली सड़क,जिसका चौड़ीकरण होना है।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। बढुुआगोदाम से नगर क्षेत्र से भुजौटी तक का शहरी राजमार्ग 2018 से अब तक चौड़ीकरण की बाट जोह रहा है। अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। नतीजा, दिनों दिन यातायात का दबाव बढ़ने पर यहां रोजाना ही भीषण जाम की स्थिति पैदा हो रही है। राजमार्ग होने के बावजूद लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में घंटों लग रहे हैं। स्थानीय लोगों की माने तो जिम्मेदार अफसरों की उदासीनता की वजह से ये हालत हैं। बढुआगोदाम से भुजौटी तक के राजमार्ग की लंबाई करीब 22 किमी है। यह मार्ग पहले राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीन था। एनएचएआई के बाईपास बनने के बाद 22 किमी मार्ग को एनएचएआई ने लोक निर्माण विभाग को हैंडओवर कर दिया। उधर, इस मार्ग पर यातायात का दबाव काफी बढ़ चुका है। भीटी पुल भी दशकों पुराना है। पुल काफी संकरा होने के कारण इससे भारी वाहनों के गुजरने पर जाम की स्थिति और बढ़ जाती है। जाम लग जाने से लोगों को मिनटों की दूरी तय करने में घंटों लग जाते हैं। इससे रोज ही उद्यमियों, कारोबारियों सहित आम लोगों का समय बर्बाद होता है। बढुुआगोदाम से नगरीय क्षेत्र बलिया मोड़ तक हाइवे को दोनों तरफ तीन-तीन मीटर चौड़ा करने की मांग लंबे समय से चली आ रही है। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव देव प्रकाश राय ने कहा कि 2018 से लेकर अबतक परियोजना निदेशक सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों को लगातार पत्र दिया जा रहा है, लेकिन वह मामले को लटकाए हैं। चौड़ीकरण हो जाए तो रोज-रोज की जाम की समस्या का समाधान हो जाएगा। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग जितेंद्र सिंह ने बताया कि बढुुआगोदाम से कोपागंज तक 22 किमी लंबे मार्ग के चौड़ीकरण के लिए कार्ययोजना मुख्यालय भेजी गई है। वहां से स्वीकृति मिलने पर इस पर कार्य शुरू किया जाएगा।