जिला प्रशासन की ओर से नकलविहीन परीक्षा कराने के दावे की पोल शनिवार को खुल गई। रतनपुरा ब्लाक क्षेत्र के गहना स्थित एक इंटर कालेज में परीक्षा दे रहे हाईस्कूल के कई परीक्षार्थियों ने विद्यालय प्रशासन पर परीक्षा के लिए सुविधा शुल्क मांगे जाने का आरोप लगाया।
सुविधा शुल्क न देने पर विद्यालय प्रशासन द्वारा उत्तरपुस्तिका छीन लेने की शिकायत करते हुए जमकर हंगामा किया। विद्यार्थियों ने हलधरपुर थाने पर आयोजित समाधान दिवस में पहंुचकर प्रार्थना पत्र भी दिया। इस मामले की जांच जिला विद्यालय निरीक्ष्ाक को सौंपी गई है।
नकलविहीन परीक्षा के लिए जिला प्रशासन की ओर से प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इसके बावजूद सुविधा शुल्क वसूलकर नकल का खेल चल रहा है।
परीक्षार्थियों के मुताबिक हाईस्कूल की प्रथम पाली में चित्रकला के पेपर में उन्होंने उत्तरपुस्तिका पर अनुक्रमांक लिखना शुरू ही किया था। तब तक कालेज प्रशासन द्वारा तीन हजार रुपया सुविधा शुल्क जमा करने का फरमान सुना दिया गया। कई परीक्षार्थियों ने सुविधा शुल्क देने से इंकार कर दिया।
मामले की जानकारी होते ही विरोध करने वाले परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं छीन ली गईं। बाहर भी जाने नहीं दिया गया। परीक्षा समाप्त होते ही गुस्साए परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे बोर्ड के परीक्षार्थियों का कहना था कि हर परीक्षा में सुविधा शुल्क न देने पर प्रताड़ित किया जा रहा है। चित्रकला की परीक्षा ही देने नहीं दी गई। प्रशासन की ओर से परीक्षा को निरस्त कर परीक्षा नहीं कराई गई तो हम लोग आंदोलन करने को बाध्य हो जाएंगे।
इसके बाद नाराज संतोष चौहान, प्रदीप, अजय चौहान, किरन, सुग्रीव चौहान, अखिलेश, सहित दर्जनों परीक्षार्थियों हलधरपुर थाने पर आयोजित समाधान दिवस पर प्रार्थना पत्र दिया। इस बाबत उप जिलाधिकारी सदर रामदुलारे पांडेय का कहना था कि मामले की जांच करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया गया है।