मऊ। यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच सीसी कैमरे की निगरानी में हुई। प्रथम पाली में हाईस्कूल गणित की परीक्षा हुई। परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर परीक्षार्थियों को कड़ी चेकिंग के बीच परीक्षा कक्ष में भेजा गया। समस्त परीक्षा केंद्रों की जिलास्तरीय कंट्रोल रूम सहित त्रिस्तरीय ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही थी। इसके साथ प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक, सचल दस्ता परीक्षा केंद्रों पर नजर रख रहे थे। पहली पाली की हाईस्कूल गणित परीक्षा में पंजीकृत 35670 के सापेक्ष 32254 परीक्षार्थी शामिल हुए। इंटरमीडिएट प्रथम पाली वाणिज्य सहित अन्य विषयों में 176 के सापेक्ष 170 परीक्षार्थी शामिल हुए।
मंगलवार को पहली पाली में हाईस्कूल गणित की परीक्षा पूर्वाह्न 8.30 बजे से 11.45 बजे तक हुई। वहीं पहली पाली में ही इंटरमीडिएट वाणिज्य, फल संरक्षण की परीक्षा हुई। पहली पाली की हाईस्कूल गणित परीक्षा में पंजीकृत 35670 के सापेक्ष 32254 परीक्षार्थी शामिल हुए। इंटरमीडिएट प्रथम पाली वाणिज्य सहित अन्य विषयों में 176 के सापेक्ष 170 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिले में 115 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनकोंं 18 सेक्टरों में बांटा गया था। प्रत्येक सेक्टर में एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट, एक-एक वाह्य केंद्र व्यवस्थापक और एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इसके साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डायट प्राचार्य और जीजीआईसी के प्रधानाचार्य के नेतृत्व में चार सचल दस्ता तथा चार जोनल मजिस्ट्रेट भ्रमण कर परीक्षा केंद्रों पर नजर रख रहे थे। जिला विद्यालय कार्यालय में बने कंट्रोल रूम के साथ ही बोर्ड मुख्यालय तथा राज्य मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों पर ऑनलाइन नजर रखी जा रही थी। बोर्ड ने जिले को अति संवेदनशील घोषित किया है। ऐसे में परीक्षा केंद्रों के बाहर एसटीएफ तथा एलआईयू की टीम नजर रख रही थी।