मऊ। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट अंक सुधार की परीक्षा शनिवार को जिले के चार केंद्रों पर दो पालियों में हुई। प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। जबकि जोनल मजिस्ट्रेट तथा दो सचल दस्ते परीक्षा केंद्रों पर नजर रख रहे थे। परीक्षा मेें 414 के सापेक्ष 333 परीक्षार्थी शामिल हुए। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की अंक सुधार परीक्षा शनिवार को नगर स्थित डीएवी इंटर कॉलेज, पब्लिक बालिका इंटर कॉलेज, बरामदपुर, जैश इंटर कॉलेज वनगांवा, शहीद इंटर कॉलेज मधुबन सहित चार परीक्षा केंद्रों पर हुई। पहली पाली सुबह आठ बजे से पूर्वाह्न 10:15 तक हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा हुई। पहली पाली में 150 के सापेक्ष 133 परीक्षार्थी शामिल रहे। दूसरी पाली अपराह्न दो बजे से 4.15 बजे तक इंटर हिंदी की परीक्षा हुई। दूसरी पाली मेेें 264 के सापेक्ष 200 परीक्षार्थी शामिल हुए। सभी परीक्षा केंद्र वायस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी से लैस रहे। डीआईओएस दफ्तर में बने कंट्रोल रूम से दो शिफ्टों में ऑनलाइन नजर रखी जा रही थी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा जिला विद्यालय निरीक्षक के नेतृत्व मेें सचल दस्ते सभी परीक्षा केंद्रों का जायजा ले रहे थे। साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती रही। जोनल मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर रहे थे। सह केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती रही। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।