अमेठी में सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत के बाद शहर के बुलाकीपुरा में घर के बाहर जुटी लोगों की
- फोटो : MAU
मऊ। अमेठी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों को जिंदगी भर का दर्द दे दिया। घटना को लेकर बुलाकीपुरा में माहौल गमगीन रहा। बुलाकीपुरा निवासी नूरजहां उनके छोटेेे बेटे जाहिद, बेटी अफसाना तथा दामाद अतीकुर्ररहमान की अमेठी सड़क हादसे में मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। तीन बेटे और तीन बेटियों की मां नूरजहां के पति रियाज की मौत वर्षों पहले हो चुकी है। वहीं करीब चार साल पहले बड़े बेटे अफताब की भी मौत हो चुकी है। दूसरे नंबर का बेटा अफसारूल हक अपने छोटे भाई जाहिद कमाल के साथ लूम चलाकर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। मां के गले में गिल्टी की समस्या होने पर उसका उपचार वाराणसी में करा रहा था लेकिन डाक्टरों ने उन्हें लखनऊ में उपचार कराने को भी कहा था। दूसरा दामाद शमीशुद्दीन सास की तबीयत खराब होने पर बृहस्पतिवार की देर रात कोपागंज के एक सेठ की स्कार्पियो किराए पर लेकर चालक रिजवान व परिवार के साथ लखनऊ जाने के लिए मऊ से निकला था। किसे मालूम था कि लखनऊ जाना चार जिंदगियों के लिए काल बन जाएगा। उधर हादसे में घायल नयापुरा निवासी शमीशुद्दीन व जुम्मनपुरा निवासी रिजवान के घर लोगों का तांता लगा रहा। शहर कोतवाली क्षेत्र के बुलाकीपुरा मुहल्ला निवासी एक परिवार के चार लोगों की सड़क हादसे में अमेठी में मौत की सूचना से न केवल बुलाकीपुरा में बल्कि पूरे जिले में मातम पसरा रहा। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व नपाध्यक्ष अरशद जमाल, मौलाना मुफ्ती अनवर अली, वकील अहमद, अजहर फैजी, रईस सेराज, मौलवी अहमदउल्ला सहित बड़ी संख्या में लोग बुलाकीपुरा पहुंचे। अचानक हुई इस घटना से शुक्रवार को सुबह का माहौल मातम में बदल गया। जिसने घटाना के बारे में सुना वह आवाक रह गया और यकबयक वह बुलाकीपुरा की ओर चल पड़ा। नूरजहां के घर पर सैकड़ों लोगों की भीड़ शोक जताने के लिए पहुंच चुकी थी। मृतकों में शामिल गाजीपुर निवासी अतीकुर्ररहमान तथा घायल शमशुद्दीन के शामिल होने घटना की जानकारी गाजीपुर के साथ कोपागंज भी पहुंच गई। वहां भी मातम का माहौल रहा और लोग शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचते रहे।