सराय लखंसी थाना क्षेत्र के बड़ागांव के पास शनिवार की देर रात साढ़े 10 बजे बीच सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने में बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिससे बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई जबकि साथी घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए लिए भेजा। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, झारखंड निवासी अंकित 30 अपने पत्नी और एक बच्चे के साथ दो महीने से भौरेपुर स्थिति ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। शनिवार की रात वह अपने दोस्त विकास 27 के साथ किसी काम से मऊ आ रहा था। बाइक बड़ागांव के पास पहुंचा ही थी कि अचानक सामने एक कुत्ता आ गया उसे बचाने के प्रयास में तेज गति से चल रही बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अंकित की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका साथी विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और अंकित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इलाज के दौरान विकास की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। उधर, हादसे में अंकित की मौत की खबर घर पहुंची तो पत्नी बेसुध हो गई। अंकित का दो सा का बेटा भी है।