मऊ। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के धनौली रामपुर के पास शनिवार की भोर में अचानक सामने आई नील गाय को बचाने में एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार चालक घायल हो गया। जहां स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल लाकर भर्ती कराया। देवरिया जिला निवासी अंबुज सिंह (40) पानी सप्लाई का कार्य करता है। शुक्रवार को वह किसी काम से कार से बनारस गया हुआ था। शनिवार की भोर वह वापस लौट रहा था। अभी वह दोहरीघाट थाना क्षेत्र के धनौली रामपुर के पास आजमगढ़ मोड़ पहुंचा था कि अचानक सामने आई नील गाय को बचाने में कार बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराया। हादसे में कार चला रहा अंबुज घायल हो गया। घायल की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उसे कार से बाहर निकाल कर दोहरीघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।