मऊ। महिला जिला अस्पताल में मरीजों की सुविधा को लेकर एक साल पहले एक्सरे की व्यवस्था को लेकर योजना बनी थी। इसमें कक्ष को बनाने को लेकर एक साल पहले कवायद शुरू किया गया था। कक्ष का आधा निर्माण हो चुका है। आने वाले दिनाें जल्द ही प्रसूताओं को अल्ट्रासाउंड और एक्सरे की सुविधा मिलेगी।
इलाज की बेहतर सुविधा के लिए आवश्यक जिला महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड और एक्सरे की सुविधा मरीजों को जल्द देने के शासन ने हरी झंडी दिया था। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कहा गया था कि अस्पताल में दोनाें जांच की सुविधा होने से मरीजों की नि:शुल्क जांच हो सकेगी। अभी तक जिला महिला अस्पताल में सुविधा नहीं होने से दूर-दराज से इलाज के लिए आने वाले मरीजों को जांच के लिए विवश होकर निजी सेंटर जाना पड़ता, जहां जांच के नाम पर संचालक मोटी रकम वसूलते हैं। प्रतिदिन 50 से अधिक प्रसूताओं को एक्सरे और अल्ट्रासाउंड की आवश्यकता होती है। वही नसबंदी के आपरेशन के दिन यह आकड़ा और भी अधिक होता है। अस्पताल में दोनों प्रकार की जांच के कक्ष के निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। आने वाले दिनाें में इसका काम पूरा कर लिया जाएगा। जिससे मुख्यालय सहित जनपद के दूर दराज क्षेत्रों से आने वाली गर्भवती महिलाओं के साथ प्रसूताओंं का इसका लाभ मिलेगा।