मऊ शहर कोतवाली क्षेत्र के श्री पैलेस के पास बाइक पर सवार होकर जा रहे दो युवकों के साथ बाइक सवार तीन लोगों ने मारपीट की। युवकों ने उनके पास रखे दो हजार रुपए भी छीन लिए। पीड़ितों ने इसकी सूचना क्षेत्राधिकारी को फोन पर दी है। नगर के पठान टोला निवासी मजहर पुत्र फैजुरहमान अपने मित्र खीरीबाग निवासी हबीब पुत्र मुहम्मद के साथ रात के 10 बजे बाइक पर सवार होकर मिर्जाहादीपुरा की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह श्री पैलेस के पास पहुंचे, पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उनके साथ मारपीट की। युवकों ने उनके पास रखे दो हजार रुपए भी छीन लिये।हमलावरो के हमले में मजहर का एक पैर फैक्चर हो गया। घटना के बाद परिजनों ने उसे नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना को संबंध में क्षेत्राधिकारी धनंजय मिश्रा ने बताया कि पीड़ित ने फोन पर घटना की सूचना दी है। लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।