विकास भवन परिसर में इसी जमीन पर नगर पालिका द्वारा बनाया जाएगा आडिटोरियम।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। नगर पालिका द्वारा नगर में एक विशाल प्रेक्षागृह बनाने के लिए योजना में जुटी है। नगर पालिका द्वारा विकास भवन के पास खाली जमीन को इसके लिए प्रयोग किया जाएगा। इस योजना को खुद नगर विकास मंत्री ने हरी झंडी दे दी है। नगर पालिका की ओर से दो हजार सीट का प्रेक्षागृह बनाया जाएगा। इसके लिए नगर पालिका ने प्रस्ताव बनाने की कवायद शुरू कर दी है, जिसे जल्द ही शासन को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। इस प्रेक्षागृह की सुविधा मिलते ही नगर में दो प्रेक्षागृह की सुविधा नगरवासियों के लिए उपलब्ध होगी।
नगरवासियों को शीघ्र ही नगर में ही एक अत्याधुनिक विशाल प्रेक्षागृह की सुविधा मिलनी वाली है। इस सुविधा को लेकर नगर विकास मंत्री एके शर्मा स्वयं न केवल जागरूक हैं, बल्कि इसे जल्द से जल्द इस वास्तविक रूप देने में जुटे हैं। इसीक्रम में उनके निर्देश पर नगर पालिका ईओ दिनेश कुमार अपनी टीम के साथ इस योजना को पूरा करने में जुटे हैं। नपा ने इसके लिए नगर के विकास भवन परिसर में खाली पड़े करीब एक हेक्टयर जमीन को इसके लिए चिह्नित किया गया है। नगर पालिका के जिम्मेदारों ने जमीन चिह्नित किए जाने की सूचना भी नगर विकास मंत्री को दे दी है। विभागीय सूत्रों की माने तो जमीन चिह्नित करने के बाद नगर पालिका द्वारा इसका प्रस्ताव तैयार हो चुका है, जिसे अगले सप्ताह तक शासन को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। बताते चलेें कि नगर पालिका द्वारा एक और प्रेक्षागृह को बनवाया जा रहा है। यह सामुदायिक भवन को अद्यतन करते हुए इसकी क्षमता 250 सीट करते हुए कार्य कराया जा रहा है। यह कार्य भी करीब 80 फीसदी तक पूरा हो चुका है। इस सुविधा से नगर में दो प्रेक्षागृह की सुविधा होगी।
अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए होगा प्रयोग
मऊ। नगर पालिका सूत्रों की माने तो नगर के बकवल स्थित नगर पालिका सामुदायिक भवन को अद्यतन करते हुए प्रेक्षागृह में तब्दील किया जा रहा है। इसके बनने के बाद इसे निजी कार्य यानी शादी समारोह, निजी आयोजन के लिए प्रयोग में लाया जाएगा। जिससे नगर पालिका को राजस्व प्राप्त होगा। वहीं विकास भवन में बनने वाले प्रेक्षागृह का प्रयोग केवल सरकारी बैठक, कार्यक्रम, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ दूसरे कार्यों के लिए प्रयोग किया जाएगा।
नगर के विकास भवन परिसर में खाली पड़ी एक हेक्टयर जमीन को चिह्नित कर वहां दो हजार की क्षमता का प्रेक्षागृह बनाने की योजना तैयार की जा रही है। इसका प्रस्ताव जल्द ही शासन को भेजा जाएगा। - दिनेश कुमार, ईओ, नगर पालिका मऊ