फतेहपुर मंडाव। दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम सड़क हादसे में दो किशोरियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडाव में भर्ती कराया। पहली घटना मंगलवार की देर शाम रामपुर थाना क्षेत्र के मर्यादपुर बाजार में हुई। जहां तेज रफ्तार बाइक ने पैदल जा रही किशोरी को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडाव में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मर्यादपुर निवासी सबा खातून (13) पुत्री शकील शाम लगभग सात बजे सामान लेकर मधुबन मर्यादपुर मार्ग से पैदल घर जा रही थी। दूसरी घटना मधुबन थाना क्षेत्र के मित्तूपुर में हुई। जहां देर शाम अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आकर किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। मित्तूपुर निवासी अन्नू चौरसिया (15) पुत्री प्रमोद चौरसिया किसी काम से जा रही थी पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी।