बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित
जमीनी विवाद का मामला आ रहा है सामने, सीसीटीवी कैमरे में दिखे बाइक सवार दो बदमाश
रामपुर बखरिया के पास व्यापारी पर जानलेवा हमले का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊ। रानीपुर थाना क्षेत्र के रामपुर बखरिया के पास बाइक सर्विस कराकर घर लौट रहे युवा व्यापारी पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने जांच के लिए दो टीमें गठित की हैं। पुलिस मामले में एक अन्य थाने की पुलिस की मदद लेकर एक दो संदिग्धों से पूछताछ में जुटी है। वहीं घटनास्थल से कुछ दूरी स्थित एक अस्पताल पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में बाइक सवार दो बदमाशों की फोटो कैद हो गई है। पुलिस को जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा लग रहा है। घायल व्यापारी का उपचार बीएचयू में चल रहा है।
रानीपुर एसओ राजेश प्रभाकर ने बताया कि व्यापारी पर जानलेवा हमले करने वाले बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित कर कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। इसमें एक बिंदु जमीन से जुड़े विवाद का भी आ रहा है। दूसरे बिंदू को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। बताया कि पुलिस को जांच के दौरान घटनास्थल से भागते समय बदमाशों ने सोनिसा गांव के मार्ग का प्रयोग किया था। क्योंकि बाइक सवार दो बदमाश के भागने के समय उनका फुटेज सोनिसा गांव से कुछ दूर पहले एक निजी अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पीड़ित या उसके परिवार के दूसरे सदस्यों ने अभी थाने में तहरीर नहीं दी है।
मालूम हो कि रानीपुर थाना क्षेत्र के रामपुर बखरिया गांव के पास सोमवार की शाम सात बजे बाइक सर्विस कराकर घर जा रहे व्यापारी ब्राह्मणपुरा गांव निवासी अश्वनी कुमार पांडेय (24) को बाइक सवारों बदमाशों ने गोली मार दी थी। उसका उपचार बीएचयू में चल रहा है।