मधुबन। सोमवार को नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 अन्तर्गत ब्लाक रोड़ के सीसी रोड़ निर्माण के लिए भूमि पूजन को लेकर शासन से मनोनीत सभासद एवं वार्ड के सभासद आपस में कहासुनी होने लगी। मौके पर उपस्थित लोगों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हुआ। बीते 12 जनवरी को ब्लॉक मुख्यालय पर हो रहे एमएलसी चुनाव का जायजा लेने पहुंचे जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल गड्ढे में तब्दील सड़क को देखकर नाराज हो गये । उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम को 15 दिन के अंदर सडक को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए सीसी रोड बनवाकर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी रोड निर्माण के लिए कार्य प्रारंभ नहीं किया गया । जिसको लेकर वार्ड के सभासद विनोद मद्धेशिया उर्फ रिंकू ने जिलाधिकारी को पत्र देते हुए सड़क निर्माण की माँग किया । इस मामलें को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए सक्षम अधिकारियों को निर्देशित किया। जिसके सापेक्ष नगर पंचायत द्वारा 59 लाख की लागत से सीसी रोड़ निर्माण कराने के लिए सोमवार को भूमि पूजन कार्य होना था । वार्ड के सभासद विनोद मद्धेशिया उर्फ रिंकू का कहना है कि शासन से मनोनीत सभासद महाप्रसाद गुप्त द्वारा चेयरमैन के पूर्व ही भूमि पूजन शुरू कर दिया। जब मनोनीत सभासद से ऐसा नहीं करने की बात कहा तो वह मारपीट करने पर आमादा हो गए। मनोनीत सभासद का कहना है कि नगर पंचायत अधिनियम 1916 के अनुसार ठेकेदार को भूमि पूजन कराए जाने से संबंधित एकाधिकार है ।