कोपागंज। कस्बे के पेट्रोल पंप के पास रविवार को हुई मारपीट की घटना में पुलिस ने एक ही परिवार के दो लोगों की तहरीर पर दो नामजद सहित दस अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना क्षेत्र के ग्राम टंड़ियांव निवासी आशुतोष सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पुरानी रंजिश और दुकानदारी के विवाद को लेकर गालियां देने मारने पीटने, जान से धमकी देने तथा पिस्टल से धमकाने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। आशुतोष सिंह की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के अनुसार 25 दिसम्बर को सुबह 9 बजे भातकोल मोड़ के निकट स्थित पेट्रोल पंप की पास अपनी दुकान पर बैठा था। तभी बनियापार गांव निवासी हिमांशु यादव तथा ग्राम भेलाबांध निवासी संजीत यादव आये। पुरानी रंजिश व दुकानदारी के विवाद को लेकर गाली देने लगे , विरोध करने पर लात घूंसों से मारपीट कर घायल कर दिया। बाद में इसी मामले में आशुतोष सिंह के चचेरे भाई अंकित सिंह ने तहरीर दी कि हिमांशु यादव व संजीत यादव कार से गिट्टी बालू की दुकान पर आए तथा चचेरे भाई आशुतोष को मारपीट कर घायल कर दिया तथा काउण्टर से नकदी लूटकर फरार हो गए। पुन: दोपहर करीब 1.50 बजे दोनों आरोपी अपने साथ नौ दस अज्ञात लोगों को साथ लेकर कार और मोटरसाइकिल से आए तथा रामबचन सिंह,राम अशीष सिंह को लाठी डंडों,हाकी, बेलचा , लोहे के राड व कट्टे की मूठ से हमलाकर घायल कर दिए। पुलिस ने अंकित सिंह के तहरीर पर हिमांशु यादव और संजीत यादव तथा दस अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।