मऊ। नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों मेें स्वतंत्रता दिवस की तैयारी शनिवार को पूरी हो गई। कालेजों में आयोजित समारोह स्थल को सजाने में छात्र, शिक्षक देर शाम तक लगे रहे। जबकि छात्रों ने वर्चुअल सांस्कृतिक कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास किया। वहीं तिरंगे झंडे की खरीदारी जोरों पर रही। उधर, जिले में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर लोगों ने अपने घरों को दीयों से रोशन किया तो वहीं सरकारी इमारतें भी रंगीन झालरों से जगमग होती रहीं। स्वतंत्रता दिवस को लेकर शनिवार को जनपदवासियों में उत्साह रहा। सुबह से ही बाजारों में तिरंगा झंडा, बैनर, बैज, तिरंगी टोपी और बैंड आदि बिकने लगे। खासी संख्या में लोग खरीदारी करते रहे। स्कूलों में कार्यक्रम को लेकर तैयारी होती रही। हालांकि छात्रों को इसमें शिरकत नहीं करना है। लेकिन मौजूद शिक्षक और कर्मचारी झंडा फहराएंगे। जबकि छात्र वर्चुअल कार्यक्रम के लिए देर शाम तक तैयारियों में मशगूल रहे। उधर, स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जनपदवासियों ने देर शाम अपने घरों पर दीपक जलाए और खुशियां मनाईं। वहीं सरकारी इमारतों पर भी रंगीन झालरों से सजावट की गई थी। यह इमारतें रातभर जगमगाती रहीं। रविवार को सुबह तयशुदा समय पर जिला मुख्यालय और सरकारी भवनों के साथ ही विद्यालयों में झंडा फहराया जाएगा। वहीं, जनपद स्तर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कंट्री रेस सहित खेलकूद प्रतियोगिता में भी लोग शिरकत करेंगे।