मुहम्मदाबाद गोहना के बनियापार गांव में कटरेंन पर गिरा पेड़।संवाद
मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के बनियापार गांव में मंगलवार को तेज हवा के साथ हुई बारिश के दौरान एक बड़ा पेड़ जड़ से उखड़कर टिनशेड पर गिर गया। इससे टिनशेड क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसमें मौजूद परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि परिवार के किसी सदस्य को गंभीर चोट नहीं आई। दोपहर बाद अचानक मौसम बदलने के साथ तेज हवा चलने लगी और बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बनियापार गांव निवासी रामानंद सिंह के टिनशेड के पास लगा पेड़ तेज हवा के कारण जड़ से उखड़कर टिनशेड के ऊपर जा गिरा। पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और टिनशेड में मौजूद परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। परिवार के लोगों ने बताया कि कुछ ही क्षणों में पेड़ टिनशेड के ऊपर आ गिरा। यदि पेड़ थोड़ा आगे गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना में टिनशेड की छत समेत अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचने की बात कही गई है।