नगर के ब्रह्मस्थान पर दुर्घटना को आमंत्रण देता खुले में रखा ट्रांसफार्मर।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। बिजली विभाग ने खुले में ट्रांसफार्मर तो रख दिया लेकिन इनके चारों तरफ सुरक्षा का घेरा नहीं बनाया। ऐसे में खुले में रखे यह ट्रांसफार्मर हादसों का सबब बन रहे हैं। इनकी तरफ से गुजरने वाला हर शख्स दहशत के बीच वहां से निकलता है। विभाग की इस लापरवाही से लोगों में नाराजगी है। जिले में 16 हजार ट्रांसफार्मर लगे हैं। जबकि इनमें से नगर तथा आस पास के क्षेत्र में 3734 ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। नगर क्षेत्र के ब्रह्मस्थान, बंधा सहित लगभग 80 प्रतिशत ट्रांसफार्मर खुले में रखे हैं। लगभग 10 साल पहले विभाग की तरफ से नगर क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों की फेसिंग कराई गई थी लेकिन उचित रख रखाव के अभाव में नाम मात्र ट्रांसफार्मरों की ही फेंसिंग रह गई है। जबकि ग्रामीण अंचलों में दशकों से ट्रांसफार्मर खुले में लगाए गए हैं। नियमानुसार इन ट्रांसफार्मरों को किसी प्लेटफार्म या ऊंची जगह पर रखने के साथ इनके चारों तरफ जाली से सुरक्षा घेरा बनाए जाने का प्रावधान है। मधुबन तहसील के मधुबन-खीरीकोठा, नहर रोड, घोसी ब्लाक क्षेत्र के मझवारा बाजार, मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के करहा बाजार, मुहम्मदाबाद गोहना बाजार में ऐसे तमाम ट्रांसफार्मर बिना सुरक्षा घेरे के देखे जा सकते हैं। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के करहा बाजार में 2020 में छठ के एक दिन पहले फल की दुकान लगा रहे दो व्यक्तियों की ट्रांसफार्मर के पास गुजरे तार की चपेट में आने से मौत हो गई थी। बावजूद न तो तार के नीचे गार्डिंग लगाई गई और न ही ट्रांसफार्मर को सुरक्षित किया गया। इसी तरह रतनपुरा ब्लाक में रतनपुरा-भीमपुरा मार्ग के पास पिछले साल एक युवक ऐेसे ही खुले में रखे ट्रांसफार्मर की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया था। हद यह है कि अभी तक ट्रांसफार्मर केे चारों तरफ जाली या तार से सुरक्षा घेरा नहीं बनाया गया है। अधीक्षण अभियंत एसके सरोज ने बताया कि शहर के ट्रांसफार्मर को फेसिंग कर सुरक्षा घेरा बनाया गया है। ट्रांसफार्मर जल जाने के दौरान सुरक्षा घेरा टूट गया होगा। मुख्यालय को प्रस्ताव बनाकर इन्हें सुरक्षित किया जाएगा।
नगर के बंधा रोड पर दुर्घटना को आमंत्रण देता खुले में रखा ट्रांसफार्मर।संवाद- फोटो : MAU