मऊ। हेलमेट पहनकर ही वाहन को चलाइये, साथ ही बिना हेलमेट के वाहन चलाने वाले दूसरे लोगों को भी जागरूक करिये। यह बातें मंगलवार को गाजीपुर तिराहा पर यातायात माह का शुभारंभ करते हुए सीओ सिटी धनज्जय मिश्रा ने उन पांच दो पहिया वाहन चालकों से कहीं, जिन्हें यातायात माह के शुभारंभ पर यातायात पुलिस की ओर से हेलमेट वितरित किया गया।
क्षेत्राधिकारी यातायात अंबर भाष्कर ने मंगलवार को गाजीपुर तिराहा पर यातायात माह का शुभारंभ किया। यातायात माह के पहले दिन मौजूद वाहन चालकों तथा स्थानीय लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी। बताया कि सड़क हादसों को कम करने तथा लोगों में यातायात नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से पूरे नवंबर में यातायात माह चलाया जायेगा।
इसके तहत आम जनमानस को जागरूक करने हेतु योजनाबद्ध तरीके से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। जिसमें सड़क सुरक्षा के साथ-साथ प्रशिक्षण, रोड इंजीनियरिंग आदि के महत्व के बारे में जनता को जागरूक किया जायेगा। इसीक्रम में स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें स्कूली बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जायेगा।
इस दौरान बताया कि अनाधिकृत रूप से लगे लाल/नीली फ्लेसर बत्ती के विरुद्ध, वाहनों पर लगे अनाधिकृत रूप से हूटर्स, सायरन/ प्रेशर हार्न, काली फिल्म को हटाया जायेगा।
बिना डीएल के वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी। बिना पेपर के वाहन चलाने वालों के साथ यातायात नियम- संकेतों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इस अवसर पर एपीटीओ अरविंद कुमार जायसवाल, प्रतिसार निरीक्षक रमाकांत पाण्डेय, प्रभारी यातायात राजकेशर सिंह, मो. रुस्तम खां, रमेश कुमार, प्रवीण गुप्ता आदि मौजूद रहे।