मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली में पकड़ा गया युवक को जबरदस्ती गाड़ी में ले जाने की घटना में शामिल अ
मुहम्मदाबाद गोहना। कोतवाली क्षेत्र के भैसहां मोड़ पर युवक के अपहरण के मामले में पुलिस ने मंगलवार शाम चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटनास्थल से पकड़े गए कार चालक ने तीन साथियों का नाम कबूला है, इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। आजमगढ़ के तरवां थाना क्षेत्र के खरिहानी निवासी रामप्रवेश यादव, बसंत यादव, हरिओम और भुवालपुर गांव निवासी आशुतोष त्रिपाठी ने मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र के चकजाफरी गांव निवासी सोनू को फोन करके भैसहां मोड़ के पास बुलाया। जब 11 बजे सोनू पहुंचा तो रुपये के लेन देन की बात को लेकर चारों युवकों ने उसे जबरदस्ती कार में बैठा लिया और भागने लगे। सोनू के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने कुछ दूर तक कार का पीछा किया। खतरा देख रामप्रवेश यादव, बसंत यादव और हरिओम कार से कूदकर भाग गए। जबकि कार चला रहे आशुतोष त्रिपाठी को ग्रामीणों ने पकड़कर पिटाई कर दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया और कार सीज कर कोतवाली ले गए। पुलिस की पूछताछ में उसने अपने तीन अन्य साथियों का नाम बताया। कोतवाल केके वर्मा ने बताया कि सोनू की शिकायत और पकड़े गए कार चालक आशुतोष के कबूलनामे पर तीन अन्य युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।