चिरैयाकोट। जमीनदुर्गा मोहल्ला स्थित मछली मार्केट में एक कटरे के बेसमेंट में कबाड़ की दुकान में शनिवार शाम अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग में करीब 70 हजार रुपये के कागज, गत्ता, प्लास्टिक, रबड़ आदि के सामान जलकर राख हो गए। आसपास के लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आरोप है कि फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने को लेकर लोगों की कर्मचारियों से झड़प भी हो गई। स्थानीय पुलिस के हस्तक्षेप पर मामला शांत हुआ। नगर क्षेत्र के जमीन दुर्गा मोहल्ला निवासी राजा गुप्ता की मछली मार्केट स्थित एक कटरे में कबाड़ का गोदाम है। शनिवार की बंदी होने के कारण वह गोदाम बंद करके अपने घर पर थे। शाम चार बजे बंद गोदाम से धुंआ निकलता देख लोगों ने सूचना दी। आस पास के लोगों ने पास के एक घर से टुल्लू पंप के सहारे आग बुझाया। राजा गुप्ता के अनुसार आग से लगभग 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।