इंदारा। कोपागंज थाना क्षेत्र के इंदारा स्थित एक कॉलेज में शनिवार की देर रात चोरों ने प्रधानाचार्य तथा लिपिक के कमरे का ताला तोड़कर चोर अहम दस्तावेज उठा ले गए। रविवार को सुरक्षा के लिए तैनात चपरासी ने ताला टूटा देखकर सूचना प्रधानाचार्य को दी। जिस पर उन्होंने थाने पर तहरीर दी। मुहम्मद अली इंटर कॉलेज करीमाबाद के प्रधानाचार्य डॉ. रामविलास यादव ने बताया कि उन्हें रविवार को चपरासी ने कॉलेज में चोरों ने चोरी की सूचना दी थी। जब वह विद्यालय पहुंचे तो देखा कि लिपिक के कमरे का ताला टूटा हुआ है। कमरे में रखी दो आलमारियां भी टूटी थीं और सारा सामान बिखरा पड़ा था। उसके बाद छत पर बने अपने रूम को जा कर देखा तो उसका भी ताला टूटा हुआ था। कमरे में रखी दो आलमारियां और एक बड़े बाक्स के ताले तोड़ कर चोर अहम दस्तावेज उठा ले गए थे। बताया कि पुलिस ने तहरीर पर मौका मुआयना किया।