मधुबन। रामपुर थाना के पदारथपुर गांव के ताजपुर पुरवा में मंगलवार की देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। चोर घर के पीछे बांस के सहारे छत से घर में घुस गए और घर का सामान, सोने के आभूषण, नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने बुधवार की सुबह पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस को मिली तहरीर के अनुसार पूर्व प्रधान केदार और उसके परिजन रोज की तरह मंगलवार की रात भी खाना खाकर सो गए। देर रात घर के पीछे बांस के सहारे चोर घर में घुस गए। एक कमरे का ताला तोड़कर तीन बक्सों को खंगाला और उसमें रखे सोने कि नथिया, दो चांदी के पायल, कपड़ा और अन्य घरेलू सामान, एक हज़ार रुपये नगद लेकर फरार हो गए। सुबह सोकर उठने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। केदार ने 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। इस संबंध में रामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि चोरी के मामले में तहरीर मिली है। टीम जांच में जुटी है जल्द ही चोरी का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।