मुहम्मदाबाद गोहना में जमीन बरामदपुर सब्जी मंडी स्थित मकान में चोरी के बाद बिखरे सामान।संवाद
मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के जमीन बरामदपुर सब्जी मंडी के पीछे शनिवार की रात बंद मकान में चोरी हो गई। चोर ताला तोड़कर नकदी और सोने की अंगूठी उठा ले गए। मकान मालिक संजय कुमार ने रविवार को कोतवाली पहुंचकर अज्ञात के विरुद्ध तहरीर दी। तहरीर के अनुसार संजय कुमार कस्बे में दूसरे मकान में परिवार के साथ रहते हैं। सब्जीमंडी के पास स्थित मकान में ताला बंद था। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी और बक्सों से 12 हजार नकदी, एक सोने की अंगूठी, जरूरी कागजात उठा गए। रविवार को सुबह आसपास के लोगों ने मकान का टूटा ताला देखा तो इसकी सूचना मकान मालिक को दी। घर पहुंचने पर सामान बिखरा मिला और चोरी की घटना का पता चला। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केके वर्मा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।