नगर के सोनीधापा इंटर कालेज के मैदान पर लगे पटाखे की दुकान खरीदारी करते लोग।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। दीपावली पर आतिशबाजी के लिए नगर के सोनीधापा इंटर कालेज के मैदान में सजी दुकानों पर बृहस्पतिवार को हजारों की संख्या में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। हालांकि इस बार लोग हरित पटाखों को लेकर काफी संजीदा दिखाई दे रहे हैं। प्रदूषण नियंत्रण को लेकर इस बार कम आवाज वाले हरित पटाखों को ही लाइसेंस जारी किया गया है। नगर में पटाखों की बिक्री के लिए 118 दुकानों को लाइसेंस जारी किया गया है। पटाखों की दुकानों पर हरित पटाखों की बिक्री के निर्देश दिए गए हैं। जिसकी निगरानी नगर मजिस्ट्रेट त्रिभुवन कुमार की तरफ से की जा रही है। इस बार पटकने पर आवाज करने वाला कागज में लिपटा कर बनाया गया पटकौवा बम खूब बिक रहा है। छोटे बच्चों के लिए फुलझरी, लाइट, चकरी और अनार आदि पटाखों की बिक्री काफी रही। दुकानदारों का कहना है कि हरित पटाखों की कम उपलब्धता के कारण उन्हें पुरानी पद्धति के पटाखे बेचने पड़ रहे हैं। इन दुकानों पर हरित पटाखा के अलावा चकरी, बुलेट बम, लाइट, फुलझरी, राकेट, 100 आवाजा बम समेत अन्य पटाखे खूब बिके। बुधवार की देर रात तक पटाखा बाजार में सैकड़ों की संख्या में लोग खरीदारी करते दिखे। पटाखा बाजार में सुरक्षा के दृष्टिगत फायर ब्रिगेड की टीम मुस्तैद रखी गई। ताकि किसी अनहोने की दशा में तत्काल प्रभावी कार्रवाई हो सके। वहीं पटाखा खरीदने आए लोगों के वाहन मुख्य सड़क से लेकर मैदान तक खड़े रहे। जिससे की कई बार जाम की भी स्थिति उत्पन्न हो गई।