दोहरीघाट/कुसुम्हा। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के नई बाजार के अंबेडकर चौक में शुक्रवार की देर रात अज्ञात चारों ने सर्राफा की दुकान में सेंध काटकर 60 हजार रुपये नकदी सहित सोेने के आभूषण लेकर फरार हो गए।
चोरी की जानकारी सर्राफा कारोबारी को शनिवार की सुबह हुई दस बजे जब वह दुकान खोलने गया। पीड़ित का कारोबारी की सूचना पर घोसी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी भी पहुंचे। आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी में जुटे रहे। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर सामान बरामदगी और गिरफ्तारी की मांग की।
गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज निवासी भोला वर्मा की दोहरीघाट थाना के नई बाजार में सोने के आभूषण की दुकान है। रोज की भाति सर्राफा कारोबारी शुक्रवार की देर रात को अपनी दुकान बंद कर बड़हलगंज चला गया। रात्रि को चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से से सेंधमारी की दुकान में रखे 60 हजार रुपये नकदी और करीब सात लाख रुपये के सोने के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। शनिवार को सर्राफा कारोबारी जब दुकान का शटर खोला तो सभी सामान बिखरा पड़ा था। तिजोरी में रखें आभूषण, पैसा भी गायब था। सूचना पाते मौके पर क्षेत्राधिकारी शीतला प्रसाद पांडेय, थानाध्यक्ष कल्पना मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंचकर छानबीन में जुटी रही। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस द्वारा सभी बिंदुओं पर जांच हो रही है, जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंंगे।
दुकान पर नहीं लगा था सीसीटीवी कैमरा
कुसुम्हा। थाना क्षेत्र के नई बाजार में जिस स्थान पर चोरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए सेंधमारी कर चोरी की घटना को अंजाम दिया, उस दुकान पर सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। दुकान के पिछले हिस्से जहां खेत था उसी के रास्ते से कटर द्वारा दीवार को काटकर चोरी कर आसानी से चले गए। वहीं, दुकान वाली जगह पर किसी का आवास नहीं है, अक्सर लोग पूरे दिन दुकान खोलने के बाद देर शाम को वापस शहर में अपने घर आ जाते हैं।
पड़ोस के तीन सीसीटीवी को पुलिस ने खंगाला
दोहरीघाट। दुकान पर सीसीटीवी नहीं मिलने के बाद पुलिस ने चोरी वाली घटना के अगल-बगल की दुकानों में लगे तीन सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। कुछ फुटेज भी अपने साथ लेकर गई। पिछले कई दिनों से थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।