नगर के सईदी रोड का हो रहा निर्माण।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। नगर के बाल निकेतन रेलवे क्रासिंग के पास लगने वाले जाम की समस्या से लोगों को जल्द ही निजात मिलेगी। सिंधी कॉलोनी, सदर चौक को मुंशीपुरा ओवरब्रिज से जोड़ने वाली सईदी रोड के चौड़ीकरण की कवायद तेज हो गई है। रेलवे जंक्शन के पश्चिमी चहारदीवारी से होकर जा रही सईदी रोड को चौड़ा करने लिए नगर पालिका ने रेलवे को प्रस्ताव दिया था। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद 2019 में सड़क के चौड़ीकरण का काम शुरू हुआ। दो वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी कार्य अधूरा रहा। ऐसे में लोगों को तमाम समस्याओं से जूझना पड़ रहा था। दिनभर में लगभग 20 बार बाल निकेतन रेलवे क्रासिंग बंद होने से लोग समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच पाते हैं। नगरवासियों की तरफ से चौड़ीकरण कार्य को पूरा करने की मांग उठाई जा रही है। जन समस्या को अमर उजाला ने अपने अंक प्रकाशित किया। अब बंद चल रहे चौड़ीकरण की कवायद तेज होने से जाम की समस्या से निजात मिलने की आस जगी है। नगरवासियों की मानें तो शहर के बाल निकेतन रेलवे क्रासिंग पर अक्सर बैरियर बंद होने पर लगने वाला जाम सईदी रोड के बन जाने से काफी हद तक कम हो जाएगा। सदर बाजार से रोडवेज अथवा भीटी जाने वाले ही रेलवे क्रासिंग पर इंतजार करेंगे जबकि, जिला अस्पताल, न्यायालय, कलेक्ट्रेट अथवा गाजीपुर तिराहा की तरफ जाने वाले लोग सईदी रोड से मुंशीपुरा ओवरब्रिज होते हुए आगे निकल जाएंगे। अधिशासी अधिकारी नगरपालिका दिनेश कुमार ने बताया कि निर्माण प्रक्रिया चल रही है।