फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंतजार हुआ खत्म, डायलिसिस यूनिट का हुआ शुभारंभ

विज्ञापन
जिला अस्पताल में डायलिसिस यूनिट का फीता काटकर उद्घाटन करते सीएमएस डा.बृजकुमार।संवाद - फोटो : MAU
विज्ञापन
मऊ। जिले में किडनी के मरीजों को सहूलियत प्रदान करने के लिए डायलिसिस यूनिट के रूप में नई सौगात मिली है। शनिवार को जिला अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने डायलिसिस यूनिट का शुभारंभ किया। 23 लाख रुपए की लागत से बने डायलिसिस यूनिट के शुरू होने का काफी समय से इंतजार किया जा रहा था। अमर उजाला ने डायलिसिस यूनिट को शुरू किए जाने को लेकर छह अगस्त को भवन बना पर डायलिसिस नहीं शीर्षक से खबर प्रकाशित किया था। इस यूनिट का निर्माण कार्य वर्ष 2018 में प्रारंभ किया गया था। वर्ष 2020 में इस यूनिट को चालू करना था। लेकिन विभाग बजट के अभाव का हवाला देता रहा था। भवन निर्माण के बाद इस यूनिट में उपकरण और कर्मचारियों की तैनाती की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था को सौंपी गई थी। जिला अस्पताल में डायलिसिस की सुविधा न होने से किडनी की बीमारी से ग्रसित मरीजों को डायलिसिस कराने के लिए निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता था। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक बृज कुमार ने बताया कि पूर्व में बनकर तैयार हुए भवन में डायलिसिस यूनिट का जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में शुभारंभ कर दिया गया है। किडनी के मरीजों के लिए पांच डायलिसिस मशीनें लगाई गई है। शुभारंभ के बाद एक मरीज की डायलिसिस की गई है। जिला अस्पताल में शुरू हुए डायलिसिस यूनिट में प्रतिदिन 10 मरीजों की डायलिसिस की जाएगी। सुबह 10 बजे से रात्रि के 10 बजे तक इस यूनिट में मरीजों की डायलिसिस होगी। इस यूनिट में पांच मशीनें लगाई गई हैं। एक मरीज की डायलिसिस में चार घंटे का समय लगेगा। मरीजों को निजी अस्पतालों में डायलिसिस कराने के लिए काफी पैसे खर्च करने पड़ते थे। निशुल्क डायलिसिस यूनिट के खुल जाने से अब मरीजों का डायलिसिस कराने में लगने वाला आर्थिक बोझ कम होगा। जिला अस्पताल में डायलिसिस यूनिट के शुभारंभ के साथ शनिवार को किडनी की बीमारी से ग्रसित एक मरीज की डायलिसिस की गई। मरीज के तीमारदारों ने बताया कि अभी तक वे निजी अस्पताल में डायलिसिस कराने को बाध्य थे। वहां डालसिसिस कराने के लिए 15 सौ से लेकर 25 सौ रुपए तक खर्च करने पड़ते थे। लेकिन जिला अस्पताल में यह सुुविधा एकदम निशुल्क मिली। इससे परिवार को काफी राहत मिली है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें