मधुबन। विकास कार्यों की समीक्षा के तहत उपजिलाधिकारी दीपक सिंह ने गुरुवार को बहरामपुर (बनकटा) में निर्माणाधीन 400 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क का औचक निरीक्षण किया। उपजिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का स्थलीय निरीक्षण करते हुए इस्तेमाल की जा रही ईंट, सीमेंट और बालू की गुणवत्ता जांची। उन्होंने इंटरलॉकिंग की मजबूती और निर्माण में अपनाए जा रहे मानकों को भी परखा। मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था, ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी या घटिया सामग्री का इस्तेमाल किसी भी दशा में नहीं होना चाहिए। एसडीएम ने कहा कि सरकारी धन का सदुपयोग सुनिश्चित करते हुए ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ सड़क उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने संबंधित अवर अभियंता (जेई) से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।