मधुबन के बिंदटोलिया नयी बस्ती में बाढ़ के डर से सामान को ट्रैक्टर पर लादते लोग।संवाद
- फोटो : MAU
दोहरीघाट। सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में कस्बा सहित तटवर्ती इलाकों के लोग बाढ़ की विभीषिका को लेकर दहशत मेें हो गए हैं। 24 घंटे में सरयू का जलस्तर 10 सेंटीमीटर बढ़ गया। शनिवार को गौरी शंकर घाट पर सरयू का जलस्तर 69.20 मीटर रहा जबकि रविवार को जलस्तर 69.30 मीटर हो गया। इस तरह नदी के जलस्तर में 10 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई। नदी खतरा बिंदु 69.90 मीटर से मात्र 60 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। नदी के लगातार बढ़ने से नगर की ऐतिहासिक धरोहरों मुक्तिधाम, दुर्गा मंदिर, खाकी बाबा की कुटी, साईं बाबा के मंदिर, लोक निर्माण विभाग के डाक बंगला, हनुमान मंदिर, शाही मस्जिद पर खतरा मंडराने लगा है। वहीं तटवर्ती इलाकों में नदी का पानी घुसने की आशंका से लोग भयभीत हो रहे हैं। सरयू नदी की तेज लहरें मुक्तिधाम पर स्थित भारत माता मंदिर टकरा रही हैं। इससे भारत माता मंदिर पर खतरा बढ़ता जा रहा है। नेपाल की ओर से नदी में भारी मात्रा में नदी में पानी बढ़ने के साथ ही कटान में भी तेजी आ रही है। पानी छोड़ने से जलस्तर में लगातार वृद्धि होती जा रही है। लोगों का कहना है कि सिंचाई विभाग की ओर से बाढ़ के पानी को रोकने का प्रयास नाकाफी है। तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों का कहना है कि यदि नदी के जलस्तर के बढ़ने का यही क्रम जारी रहा तो लाल निशान तक पहुंचने में देरी नहीं लगेगी और यदि ऐसा हुआ तो क्षेत्रवासियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।