मऊ। नगर विकास और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी के संकल्प पत्र के सभी प्रमुख बिंदुओं को साझा किया। एके शर्मा ने बताया कि भाजपा का संकल्प पत्र सभी के सर्वांगीण विकास के साथ देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने वाला है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के तीसरे कार्यकाल में हर घर में गैस पाइपलाइन से पहुंचाई जाएगी, साथ ही सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए नई योजना पर काम किया जाएगा। कहा की समान नागरिक संहिता के साथ एक देश एक चुनाव के संकल्प को लेकर भी सरकार काम कर रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए भी पूरे देश में अनेक स्थानों पर मुफ्त चार्जिंग की व्यवस्था होगी, जिससे लोग आसानी से वाहनों को चार्ज कर सकें। सरकार हर घर को मुफ्त बिजली के वादे पर भी तेजी से कम कर रही है। वहीं छात्रों को वन नेशन वन आईडी कार्ड जारी करने की भी योजना बनाई गई है। शर्मा ने आधे घंटे तक प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा के संकल्प पत्र को पढ़कर सभी बिंदुओं को विस्तार से बताया। कहा की सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सहयोग से काम किया जाएगा। संकल्प पत्र में नौजवान, किसान, आधी आबादी, व्यापारी, नौकरीपेशा, खिलाड़ी के साथ ट्रांसजेंडर, दिव्यांग और जनजातीय गौरव को बढ़ाने का भी जिक्र है। उत्पादन के क्षेत्र में देश को ग्लोबल लीडर के रूप में स्थापित करने पर काम होगा।