इंदारा रेवले क्रासिंग पर ओवरब्रिज निर्माण के चलते वाहनों के प्रवेश वर्जित की लगी सूचना। संवाद
इंदारा। इंदारा में मऊ-मधुबन मार्ग पर स्थित रेलवे क्राॅसिंग संख्या स्पेशल 4-सी को रेलवे ने अनिश्चित समय के लिए बंद कर दिया है। ओवरब्रिज निर्माण में दिन रात जेसीबी और ट्रकों से माल ढुलाई होने से हादसे का डर बना रहता है। वहीं रास्ता संकरा और ऊबड़ खाबड़ होने से घंटों जाम लग जाता है। इसके चलते पांच जून से पूर्ण रूप से आवागमन बंद कर दिया गया है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने पहल की थी। उनके प्रस्ताव को केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने 11 फरवरी 2024 को इंदारा में रेलवे ओवरब्रिज बनाने की स्वीकृति दी थी। 28 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया था। इस समय ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। पुल की लंबाई 700 मीटर है, जहां 21 पिलरों का निर्माण किया जा रहा है। रेल मंत्रालय से स्वीकृत 64.75 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आरओबी के लिए जनरल अरेंजमेंट ड्राइंग (जीएडी) यानी नक्शे के अनुसार पिलर तैयार किए जा रहे हैं। आरओबी बनने से क्षेत्र के सैकड़ों गांवों और मधुबन, घोसी और सदर तहसील की करीब 20 लाख आबादी को लाभ मिलेगा। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि इस सड़क का संपर्क अदरी-मझवारा मार्ग जोड़ते हुए मुख्य हाईवे तक जाती है। पांच जून से रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण तक रेलवे क्राॅसिंग पूरी तरह बंद कर दी गई है। इस सड़क मार्ग का उपयोग करने वाले सभी सड़क उपयोगकर्ता वैकल्पिक मार्ग बलिया मोड़, कोपागंज, मझवारा का उपयोग कर सकते हैं। इससे भारी और छोटे सड़क वाहनों के आवागमन में कोई असुविधा नहीं होगी और सड़क यातायात सुचारू रूप से संचालित होगा।