सरायलंखसी थाना क्षेत्र के बढुआगोदाम बाजार में शुक्रवार की शाम पांच बजे दो बाइक सवार बदमाशों ने पंक्चर बनाने वाले दुकानदार से पहले कहासुनी की। इसके बाद गोली मार दी, मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश भाग गए। बीच बाजार घटी इस घटना से हड़कंप की स्थिति बन गई, कई दुकानें बंद हो गईं। सूचना मिलने पर एसपी, एएसपी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की जानकारी के अनुसार गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र के दीवान पट्टी गांव निवासी चंद्रभान (38) पुत्र संपत चौहान बीते कई वर्षों से सरायलंखसी थाना क्षेत्र के बढुआगोदाम बाजार में पंक्चर की दुकान संचालित करने के साथ दो ट्रक चलवाता है।
प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को भी वह अपनी दुकान पर था, शाम करीब पांच बजे गाजीपुर की तरफ से दो अलग-अलग बाइकों से आए दो बदमाशों ने उससे हवा भरने की बात कही। इस दौरान किसी बात से नाराज एक बदमाश ने पहले मारपीट की, जब तक दूसरे बदमाश ने असलहे से उसे निशाना बनाते हुए गोली चला दी। जो कि उसके सीने में लगी, जिससे उसने मौके पर दम तोड़ दिया।
घटना से पूरे बाजार में हड़कंप की स्थिति बन गई। कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग गए। बीच बाजार में इस घटना की जानकारी मिलने पर एसओ सरायलंखसी रविंद्र राय, सीओ सिटी धनंज्जय मिश्रा मौके पर पहुंचे।
वहीं, करीब एक घंटा बाद छह बजे पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय, एएसपी महेश सिंह अत्री भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
-
इनसेट
भाई निमंत्रण में तो लड़का पेट्रोल भरवाने के लिए गया था पेट्रोल पंप पर
बढुआगोदाम। चंद्रभान के साथ उसका छोटा भाई मनोज चौहान भी दुकान पर रहता है, इसके अलावा एक सहयोगी भी दुकान पर रहता है। शुक्रवार को एक निमंत्रण के चलते चंद्रभान ने मनोज को वहां शामिल होने के लिए भेज दिया था। जबकि सहयोगी को बाइक में पेट्रोल न होने की बात कहकर ने बाइक लेकर पेट्रोल पंप पर भेजा था। ऐसे में वह दुकान पर अकेला था, जिसके चलते वह दो बदमाशों के होने पर खुलकर विरोध नहीं कर सका। मृतक के दो पुत्र है, जिनकी उम्र 12 तथा 10 साल है। वहीं घटना के बाद उसकी पत्नी अनिता, भाई मनोज तथा बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है।
-
दो तरफ पुलिसकर्मी, फिर भी फरार हो गए आरोपी
बढुआगोदाम। घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती रहती है। दूसरी तरफ वनदेवी धाम को जाने वाले मार्ग यानी करीब 200 मीटर दूरी पर पुलिस पिकेट भी है। इसके बावजूद घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।