मऊ-इंदारा रेल मार्ग पर इंदारा रेलवे स्टेशन के समीप रेल ऊपरगामी पुल की मंजूरी मिलने के बाद मुहम्मदाबाद गोहना में भी रेल लाइन पर आरओबी बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इसके लिए साल साल से पहल की जा रही है। जाम की समस्या को देखते हुए तत्कालीन रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने यहां एक ऊपरगामी रेल पुल बनाने का आश्वासन दिया था।
रेलवे ब्रिज नहीं होने से शहर के दक्षिणी हिस्से के दर्जनों कॉलेज के छात्रों और 50 से अधिक गांव के लोगों को आए दिन रेल फाटक बंद होने से जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन कस्बा के बीचो-बीच स्थित है। पूर्वी रेल फाटक से हजारों लोगो का रोजाना आवागमन होता है। रेलवे स्टेशन के दक्षिणी हिस्से में कई सीबीएसई और यूपी बोर्ड के कॉलेज है। वाराणसी, गाजीपुर और पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की सर्विस लेन आदि से आने जाने वाले लोगों को भी रेलवे पूर्वी फाटक से होकर गुजरना पड़ता है। इस संबंध में पूर्व रेल परामर्श दात्री समिति सदस्य शाह आलम कुरेशी और सेक्रेट हार्ट स्कूल के प्रबंधक हरिकृष्ण बरनवाल ने व्यक्तिगत रूप से रेल राज्य मंत्री से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया था। मंत्री सिन्हा ने समस्या के निराकरण के लिए ऊपरगामी सेतु बनवाने का आश्वासन दिया था। लगभग सात साल बाद भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बीच मऊ और इंदारा के बीच रेल मार्ग पर रेल पुल की मंजूरी के बाद एक बार मुहम्मदाबाद गोहना पूर्वी रेल फाटक पर फ्लाई ओवर बनाने की मांग शुरू हो गई है। इस संबंध में व्यापार मंडल अध्यक्ष अंजनी गुप्ता , शाह आलम कुरेशी, हरिकृष्ण बरनवाल संजय तिवारी, कांग्रेस नेता वीरेंद्र तिवारी आदि ने कहा कि मुहम्मदाबाद गोहाना रेलवे पूर्वी फाटक पर ऊपरगामी पुल का निर्माण होना आवश्यक है। यहां से लगभग चार हजार वाहन रोजाना गुजरते हैं। दिन में 15 बार रेल फाटक बंद होने से लोगों को समस्या का सामना करना पड़ता है।