जनपद की चार तहसीलों पर शनिवार का संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने तहसील सदर में फरियादियों की समस्याओं को सुना। इस दौरान जनपद की चार तहसील पर 211 मामले आए, जहां 20 मामलों का निस्तारण किया गया। वहीं ग्रामसभा रमऊपुर की महिलाओं ने गांव के नवीन परती पर गांव के दो व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जा, गांव में आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण नहीं होने की शिकायत की। मांग की कि उक्त भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाए ताकि निर्माण का रास्ता साफ हो।
तहसील सदर में डीएम प्रवीण मिश्र ने 162 शिकायतों को सुना, इनमें से पांच शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया। साथ ही छह शिकायतों के निस्तारण के लिए मौके पर टीमों को भेजा गया। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक राजस्व विभाग से 88, पुलिस विभाग से 22 और शेष अन्य विभागों से संबंधित थे। जन सुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक इलामारन जी, उप जिलाधिकारी सदर अशोक कुमार, तहसीलदार सदर, सहित समस्त जनपद एवं तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मधुबन तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस पर एसडीएम मधुबन अखिलेश कुमार यादव ने एक-एक शिकायतों को सुना। शिकायतकर्ताओं को जल्द से जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान दुबारी के नन्हकू पुत्र छोटू ने उसके खेत पर पडोसी द्वारा अवैध कब्ज़ा की शिकायत की। हरनहा के सुभाष चंद्र मौर्य की शिकायत थी कि गांव की सार्वजनिक पोखरी की भूमि पर 10 लोगों का अवैध कब्जा है। इसे कब्जा मुक्त कराया जाए। इस दौरान तहसीलदार मधुबन शैलेंद्र सिंह, सीओ मधुबन अभय कुमार सिंह, थाना प्रभारी रविंद्र नाथ राय, विभिन्न गांव के लेखपाल सहित बड़ी संख्या में विभिन्न विभाग से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।