मऊ। जिले के परिषदीय विद्यालयों में अंतरजनपदीय स्थानांतरण के तहत विभिन्न जिलों से आए 346 शिक्षकों में से 31 प्रधानाध्यापकों सहित तीन शिक्षकों के पदस्थापन को लेकर पेंच फंस गया है। वर्तमान में यदि इनका पदस्थापन किया गया तो 31 शिक्षकों को अपनी पदोन्नति गंवाना पड़ सकती है। जिन जिलों से शिक्षक आए थे वहां तो प्रधानाध्यापक थे, लेकिन यहां इन्हें प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक बनना पड़ सकता है। जबकि शहरी क्षेत्र में तैनात तीन सहायक अध्यापकों का पदस्थापन फंस गया है। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से 312 शिक्षकों के पदस्थापन की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। शासन की तरफ से हाल ही में विभिन्न जनपदों में शिक्षण का कार्य कर रहे शिक्षकों को अपने गृह जनपद में जाने का मौका दिया गया। इसके लिए इनसे ऑनलाइन आवेदन मांगा गया था। इसके तहत सहायक अध्यापकों ने ही नहीं, बल्कि विभाग में पदोन्नति का लाभ उठा चुके प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं जूनियर के सहायक अध्यापकों ने भी आवेदन किया था। इस बाबत प्रभारी जिञला बेसिक शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार गौतम का कहना था, कि उच्च प्राथमिक विद्यालय के 31 प्रधानाध्यापक स्थानांतरण होकर आए हैं। पदोन्नति नहीं होने से अभी सहायक अध्यापक के पद पर ही कार्य कर रहे हैं। शहरी क्षेत्र से तीन शिक्षक ट्रांसफर होकर आए हैं। शासन से डाटा अपडेट होने पर अगली प्रक्रिया शुरू होगी।