कोतवाली थाना क्षेत्र के कमालपुर पहाड़पुर गांव में दबंगों ने खेल मैदान की निर्माणाधीन दीवार को गिरा दिया। साथ ही सबमर्सिबल का मोटर भी ले गए। इस संबंध में महिला प्रधान ने मनबढ़ों के विरुद्ध तहरीर दी है।
प्रधान देवंती देवी ने बताया है कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्राम-पंचायत में खेल मैदान का निर्माण हो रहा है। 80 फीसदी तक चहारदीवार का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इसे अगस्त माह के अंत तक पूर्ण कर शासन को रिपोर्ट भेजनी थी। 9 अगस्त की रात को 50 फीट तक बन चुकी चहारदीवार को दबंगों ने गिरा दिया। सबमर्सिबल पंप भी ले गए। आरोप है कि गांव के दबंगों ने काम कर रहे मजदूरों को भी काम न करने की धमकी दी है। महिला होने के नाते दबंगों द्वारा परेशान किया जाता है। प्रधान ने मामले को लेकर कोतवाली पुलिस को नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।