थाना क्षेत्र के खाना पट्टी (यादव बस्ती) में सोमवार की रात एक घर का पूरा परिवार बरामदे में सो रहा था। उधर चोरों ने मुख्य द्वार पर लगा ताला ताेड़कर सारे कमरे खंगाल दिया। पीड़ित के अनुसार चोरों ने 70 हजार नकद सहित लाखों के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। वे ताला भी साथ लेते गए। रात में ही सूचना पर पहुुंची डायल 112 व स्थानीय पुलिस मौका मुआयना कर मामले की छानबीन में जुट गई। गांव निवासी शिव कुमार यादव उर्फ हरसू ने बताया कि सोमवार की रात उनका पूरा परिवार भोजन के बाद पक्के मकान के बरामदे में सो रहा था जब कि वे स्वयं दरवाजे पर बाहर ही चारपाई पर सोए थे। उन्होंने बताया कि लगभग बारह बजे रात में उनकी माता की नींद खुल गई। वे चारपाई पर ही बैठे बैठे देखीं तो मुख्य द्वार का किवाड़ खुला दिखाई दिया। उन्होंने शोर मचाकर महिलाओं के साथ उन्हें भी जगाया। वे भागते हुए अंदर गए तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। जिन कमरों में कीमती जेवरात व नकदी था, उसका ताला भी तोड़कर चोर साथ लेते गए। संदूक, अटैची व आयरन सेफ भी टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि बैग व ब्रीफकेस में रखा गया उनकी विवाहिता बहन सीमा यादव का सोने का झुमका, चेन, हार, मांगटीका, अंगूठी, कनफूल, 3 नथुनी,1 जोड़ी कंगन, चांदी की हाफ करधन व 20 हजार नकद के साथ आयरन सेफ में रखा उनकी पत्नी सोनी यादव की सोने की अंगूठी, लाकेट, चेन, चांदी की पायल व पशुशाला बनवाने के लिए रख गया 50 हजार नकद चोर उठा ले गए। उन्होंने रात में ही डायल 112 व पुलिस को फोन पर घटना की सूचना दी। थाने पर मंगलवार को सुबह तहरीर देकर घटना की सूचना दिया।थाना प्रभारी अभी आमद नहीं किए हैं। थाना के प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।